स्वप्न मेरे: श्री कृष्ण
श्री कृष्ण लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
श्री कृष्ण लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शुक्रवार, 4 सितंबर 2026

संस्कृती धर्म विरासत मेरे गोपाल की है…

मेरी हर एक ज़रूरत मेरे गोपाल की है,
गिन के हर एक मुसीबत मेरे गोपाल की है.

झूलती अलकें अधर मन्द नयन कजरारे,
नील-वर्णी सी ये रंगत मेरे गोपाल की है.

पीत वस्त्रों पे मुकुट मोर सजे हैं सर पर,
ऐसी मन-मोहिनी सूरत मेरे गोपाल की है.

कालिया नाग पे नर्तन भी किया है उसने,
कुछ भी कर लेने की कुव्वत मेरे गोपाल की है.

जन्म का मृत्यु-पुनर्जन्म का लेखा-जोखा,
पाप और पुण्य हकीकत मेरे गोपाल की है.

गोपियों संग रचें रास भुला कर सुध-बुध,
प्रेम की ऐसी रवायत मेरे गोपाल की है.

द्वारका-धीश ही इस जग के सकल हैं स्वामी,
और मुझपे भी इनायत मेरे गोपाल की है.

तन, गगन वायु से पृथ्वी से अगन जल से बना,
रूह लेकिन ये अमानत मेरे गोपाल की है.

अब ये मन ज्ञान की बातों में नहीं है लगता,
अब तो मन को जो लगी लत मेरे गोपाल की है.

जो दिया उस ने दिया जो भी लिया उस से लिया,
मेरी साँसों पे हकूमत मेरे गोपाल की है.

इस भरत-खण्ड के कण-कण में बसी है गीता,
संस्कृती धर्म विरासत मेरे गोपाल की है.

सोमवार, 26 अगस्त 2024

जन्माष्टमी …

श्री कृष्ण जन्माष्टमी की सभी को हार्दिक बधाई 
🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹
सजा हुआ है आज फिर, कान्हा का दरबार,
अरजी पर शायद मेरी, चर्चा हो इस बार.


शुक्रवार, 19 अगस्त 2022

श्री कृष्ण …

श्री कृष्ण जन्माष्टमी की सभी को बहुत बहुत बधाई …


सकल जगत अपना हुआ, जीत न कोई हार 
कान्हा जी से जुड़ गए, अंतर्मन के तार 


कान्हा जी ऐसा करो, भीगे मन इस बार 
शरण तुम्हारी पा सकूँ, भव-सागर हो पार 


प्रेम, समर्पण, शक्ति, धन, राधा के अधिकार 
दौड़े दौड़े आ गए, कान्हा जिनके द्वार 


पृथ्वी, जल-वायू, गगन, अग्नि तत्व शरीर 

सुख-दुःख, माया, मोह, जग, हर बंधन में पीर 


बने द्वारिकाधीश जो, रहे जगत को पाल
सखा-सखी मन जा बसे, खुद हर-हर गोपाल