स्वप्न मेरे: गीता
गीता लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
गीता लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

मंगलवार, 11 सितंबर 2018

बदलना भविष्य का ...

अपने अपने काल खण्ड की पगडंडियों  पर
सांस लेना जिन्हें मंज़ूर नहीं
ऐसे ही कुछ लैला मजनूँ , हीर रांझा के प्रेम के दस्तावेज़
बदल चुके हैं आज अमर प्रेम ग्रंथों में

कुछ सच जो गुनाह थे कल के काले लम्हों में
रोशन हैं आज शाश्वत सच की तरह

तो क्यों न मिल कर बदल दें “आज”
भविष्य में समझे जाने वाले इतिहास जैसे

गीता भी तो कहती है परिवर्तन संसार का नियम है
बदल दें आज भविष्य की सोच की तरह ...

सुना है भविष्य बदलना अपने हाथ में होता है ...

सोमवार, 3 सितंबर 2018

कर्म का उपदेश कान्हा नाम है ...

सभी की श्री कृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक बधाई ... कान्हा की कृपा सभी पर बनी रहे ...

इस मुई मुरली को कब विश्राम है
है जहां राधा वहीं घनश्याम है 

बाल यौवन द्वारका के धीश हों 
नन्द लल्ला को कहाँ आराम है 

हाथ तो पहुँचे नहीं छींके तलक
गोप माखन चोर बस बदनाम है 

पूछ कर देखो बिहारी लाल से
है जहां पर प्रेम वो ब्रज-धाम है 

रास हो बस रास हो गोपाल संग
गोपियों का घर न कोई ग्राम है 

हे कन्हैया शरण में ले लो मुझ
तू ही मेरा कृष्ण तू ही राम है 

धर्म पथ पर ना कभी विचलित हुए 
कर्म का उपदेश कान्हा नाम है